![]() |
| युवा उत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां संपन्न |
राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार जिले के शासकीय महाविद्यालय बिछुआ में युवा उत्सव के तीसरे दिन सांस्कृतिक गतिविधियां संपन्न हुई। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ तथा युवा उत्सव प्रभारी डॉ.साक्षी सहारे द्वारा नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत महाविद्यालय के 70 विद्यार्थियों को नशा नहीं करने की शपथ दिलाने के साथ युवा उत्सव कार्यक्रम का समापन हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.आर.पी यादव ने बताया कि सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत एकल गायन, समूह गायन, एकल नृत्य आदि की प्रतियोगितायें संपन्न हुई । सभी प्रतियोगितायें सामाजिक सद्भावना व राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत थी। प्राचार्य डॉ.यादव ने विद्यार्थियों को शुभकामनायें देकर उनका हौसला बढ़ाया तथा सभी विद्यार्थियों व स्टॉफ ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ जिसमें आईक्यूएसी संयोजक डॉ.पूजा तिवारी, युवा उत्सव प्रभारी डॉ.साक्षी सहारे और सांस्कृतिक विधाओं के नोडल अधिकारी डॉ.नवीन कुमार चौरसिया उपस्थित थे ।
कार्यक्रम में एकल गायन प्रतियोगिता में अभिषेक व प्राची मेश्राम संयुक्त रूप से प्रथम, प्रीति व्दितीय व विशाल कुमरे तृतीय स्थान पर रहे, जबकि समूह गायन में प्राची मेश्राम व समूह, अनुराग व समूह और प्रीति व समूह क्रमशः प्रथम, व्दितीय व तृतीय स्थान पर रहे। एकल नृत्य प्रतियोगिता में रूपाली टेकाम ने अपना हुनर दिखाकर प्रथम स्थान प्राप्त किया तथा प्रीति व विशाल कुमरे ने क्रमशः व्दितीय व तृतीय स्थान प्राप्त किया। शिवानी सोनी की विद्यार्थियों की तैयारी में महत्त्वपूर्ण भूमिका रही, जबकि निर्णायक की भूमिका में डॉ.नसरीन अंजुम खान, डॉ.विपिन मोखलगाय व डॉ.ज्योति राजोरिया का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा। महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक श्री सूर्यकान्त शुक्ला, डॉ.सुरेश साकेत, डॉ.कविता चहल व श्री दुजारी बोसम ने महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन श्री अजीत सिंह गौतम ने किया।


0 Comments